मड़िहान (मिर्जापुर)। घर तक आने-जाने के करीब 50 वर्ष पुराने रास्ते को अवरुद्ध करने और जमीन पर कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए एक पीड़ित न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर निकरिका निवासी जगेंद्र नाथ मिश्र ने 21 नवंबर को मड़िहान तहसील में जिलाधिकारी की मौजूदगी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। इसके बावजूद अब तक मामले का निस्तारण नहीं हो सका है।
पीड़ित का आरोप है कि पूर्व प्रधानपति अनिल मिश्रा अपने भाइयों अजित कुमार मिश्र, उत्तम मिश्रा और राहुल मिश्रा के साथ धनबल और बाहुबल के दम पर उनके घर आने-जाने के करीब पांच दशक पुराने रास्ते पर कब्जा करने तथा आवागमन बाधित करने का प्रयास कर रहे हैं। विरोध करने पर विपक्षी लड़ाई-झगड़े और मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। पीड़ित के मुताबिक, चकबंदी से पहले भी रास्ता उनके पूर्वजों के नाम से संबंधित था और वर्तमान राजस्व अभिलेखों में भी जमीन उनके पक्ष में दर्ज है। इसके बावजूद विपक्षी अपनी भूमि से अधिक हिस्से पर कब्जा कर रास्ता बंद करने की कोशिश कर रहे हैं।
जगेंद्र नाथ मिश्र ने बताया कि 21 नवंबर को संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत के बाद 26 नवंबर को राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। टीम ने स्थलीय निरीक्षण कर जांच के बाद रिपोर्ट देने का आश्वासन दिया और लौट गई। पीड़ित का कहना है कि इससे पहले भी कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़ित ने प्रशासन से राजस्व अभिलेखों के आधार पर निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही घर तक आने-जाने के वर्षों पुराने रास्ते को अवरुद्ध होने से बचाने और कथित अतिक्रमण का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।