एक ही परिवार के दो चिराग बुझने से पसरा मातम, दयाशंकर था घर का इकलौता बेटा, 27 फरवरी को अखिलेश की होनी थी शादी, घर में गूंजने वाली थीं शहनाइयां, उससे पहले ही उठ गई अर्थी; तीन बहनों से छिना इकलौते भाई का सहारा

खानपुर (गाजीपुर) जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाइयां गूंजने वाली थीं, जहां बेटे की शादी को लेकर खुशियों और तैयारियों का माहौल था, वहां अब अपनों को खोने का मातम पसरा है। एक ही परिवार के दो चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में मौत ने न सिर्फ दो घरों की खुशियां छीन लीं, बल्कि परिवार की उम्मीदों को भी हमेशा के लिए खामोश कर दिया। एक तरफ अखिलेश की शादी के सपने अधूरे रह गए तो दूसरी तरफ दयाशंकर की मौत से उसकी मां और तीन बहनों के सिर से इकलौते बेटे और भाई का साया उठ गया। शुक्रवार की देर रात हुए इस हादसे की खबर शनिवार को गांव पहुंची तो डढ़वल में चीख-पुकार मच गई। दोनों युवकों के शव गांव पहुंचे तो परिजनों के विलाप से हर आंख नम हो गई।
डढ़वल गांव निवासी अखिलेश चौहान (26) पुत्र मुख्तार चौहान और उनके चचेरे भाई दयाशंकर चौहान (28) पुत्र स्वर्गीय गुल्लू चौहान शुक्रवार की रात बहरियाबाद थाना क्षेत्र के पौहारी बाबा में लड़की देखने गए थे। दोनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उकरांव और प्यारेपुर के बीच गोपालपुर मोड़ के पास सामने से आ रहे अज्ञात ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों युवकों की मौत से आक्रोशित होकर पुलिस को शव ले जाने से रोक दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बहरियाबाद थानाध्यक्ष वासुदेव ने खानपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर खानपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच बातचीत हुई। करीब 45 मिनट तक समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए, जिसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शादी की तैयारियों के बीच उठ गई बेटे की अर्थी
 
हादसे में जान गंवाने वाले अखिलेश चौहान की शादी आगामी 27 फरवरी 2027 को तय थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और घर में खुशियों का माहौल था। अखिलेश बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। चार बहनों और दो भाइयों में वह तीसरे स्थान पर थे। परिवार को बेसब्री से उस दिन का इंतजार था, जब घर में बेटे की शादी की शहनाइयां गूंजेंगी और खुशियां आएंगी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जिस बेटे को दूल्हे के रूप में देखने का सपना मां ने संजोया था, उसकी अर्थी उठने से पूरा परिवार टूट गया। बेटे की मौत से मां लालसा देवी और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में शादी के लिए होने वाली तैयारियों की जगह अब मातम और सिसकियां सुनाई दे रही हैं।
 दूसरे मृतक दयाशंकर चौहान अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। उनकी तीन बहनें हैं। पिता स्वर्गीय गुल्लू चौहान के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। दयाशंकर सऊदी अरब में नौकरी करते थे और करीब दो महीने पहले ही घर लौटे थे। उनके घर लौटने से मां उषा देवी और तीन बहनों को उम्मीद थी कि परिवार में खुशियां लौटेंगी और घर का सहारा उनके साथ रहेगा। लेकिन सड़क हादसे ने परिवार की सारी उम्मीदें छीन लीं। इकलौते बेटे की मौत से मां उषा देवी बेसुध हैं, वहीं तीनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस भाई के सहारे भविष्य के सपने संजोए थे, उसके हमेशा के लिए चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
 
एक ही परिवार के दो चचेरे भाइयों की असमय मौत से पूरे डढ़वल गांव में शोक की लहर है। गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा है और हर जुबां पर हादसे की चर्चा है। दो परिवारों के ये दोनों युवक अपने घरों की उम्मीद और खुशियों का सहारा थे, लेकिन एक सड़क हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया। उधर, पुलिस अज्ञात ट्रैक्टर और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.